क्राइमचंदौली

Chandauli News: भरभराकर गिरी मकान की दीवार, मलबे में दबी महिला

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित निकाला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा

संवाददाता: बाबू चौहान

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में रविवार को करकट के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में घर में काम कर रहीं करीब 60 वर्षीय कुसुम देवी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दीवार गिरने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबा हटाया और काफी मशक्कत के बाद कुसुम देवी को बाहर निकाला। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल चंदौली भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

बताया गया कि कुसुम देवी के पति महंगू पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे में मकान की दीवार के साथ घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की तत्परता से घायल महिला को समय रहते उपचार मिल सका।

Back to top button
error: Content is protected !!