ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर तस्कर, 7 लाख की 2.3 किलोग्राम अफीम बरामद, बिहार से अफीम लाकर बनारस में करता था सप्लाई

चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। झारखंड निवासी तस्कर बिहार से अफीम लाकर बनारस में सप्लाई करता था।

 

एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जारी अभियान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई की। शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि शातिर तस्कर मंझनार रेलवे स्टेशन के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। वह बिहार से अफीम लाकर वाराणसी सप्लाई करने जाने की फिराक में है। इस पर पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नीले लंग का बैग लेकर खड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में उसकी पहचान रौशन कुमार दांगी पुत्र रामेश्वर दांगी, निवासी ग्राम लेम, थाना चतरा, जनपद चतरा (झारखंड) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से प्लास्टिक की थैली में रखे कथ्थई रंग के आटे जैसे पदार्थ से अफीम की गंध आ रही थी। अभियुक्त ने भी स्वीकार किया कि उसके बैग में अफीम है। वजन करने पर कुल 2.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

 

अभियुक्त ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह यह अफीम झारखंड के बरकाकाना रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति से प्राप्त करता है और वाराणसी में कैंट स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपता है। उसकी पहचान और लोकेशन इंस्टाग्राम के माध्यम से साझा की जाती है। उसने पहले भी दो बार इस कार्य को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र बहादुर सिंह, कन्हैया मौर्य, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव एवं विजय कुमार गौड़ शामिल रहे।

Back to top button