
चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने सहकारी समिति इलिया धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान क्रय केंद्र पर अब तक हुई खरीद के बारे में जानकारी ली। साथ ही किसानों से बातकर धान विक्रय की प्रक्रिया जानी। उन्होंने केंद्र प्रभारी को पारदर्शीपूर्ण तरीके से धान खरीद के निर्देश दिए। मानक की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम जनचौपाल में शामिल होने के बाद धान क्रय केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची। धान खरीद के विषय में जानकारी ली। क्रय केंद्र पर किसानों द्वारा धान बेचा जा रहा था। मौके पर अपना धान विक्रय कर रहे किसानों से पूछताछ करने पर उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि क्रय केंद्र पर सहूलियत पूर्वक किसानो का धान खरीदा जा रहा है। धान विक्रय करने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है। पूछताछ में क्रय केंद्र प्रभारी ने अब तक धान क्रय केंद्र पर अब तक किसानों से कुल धान की खरीद की जानकारी दी। डीएम ने निर्देशित किया कि आगे भी किसानों के धान की खरीद तेजी से खरीद सुनिश्चित करें। क्रय केंद्र पर इलेक्ट्रिक कांटा, नमी मापक यंत्र, तिरपाल, बोरे आदि का प्रबंध सुनिश्चित रहे। जिलाधिकारी ने नमी मापक यंत्र एवं अतिरिक्त बोरों का प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश क्रय केंद्र प्रभारी को दिए। उन्होंने कहा कि सहूलियत पूर्वक व पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों के धान की खरीद तेजी से किया जाए। धान खरीद में किसानों को कोई भी समस्या नहीं आनी चाहिए।

निर्माण की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी
डीएम ईशा दुहन और एसपी अंकुर अग्रवाल ने शहाबगंज व इलिया थाने का निरीक्षण किया। दोनों थानों में निर्माणाधीन विवेचना कक्ष ,बैरक का अवलोकन किया। कार्य की गति धीमी पाई गई। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदाई संस्था को मजदूरों की संख्या बढ़ाते हुवे जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने थाने के बैरक, बंदीगृह, कार्यालय तथा रसोई घर भी देखा। उन्होंने कक्षों को साफ सुथरा व बेहतर रखने के निर्देश दिए।