ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर डीआईजी सख्त, मुगलसराय बाजार में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

व्यापारियों से किया संवाद, सीसीटीवी और पुलिस पिकेट का लिया जायजा; पिछले 10 वर्षों की लूट-डकैती की घटनाओं की भी हुई समीक्षा

चंदौली। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अन्य अधिकारियों के साथ मुगलसराय थाना क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी ने बाजारों में पुलिस बल की तैनाती, पिकेट ड्यूटी और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की। उन्होंने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही लोगों से अपील की कि बाजारों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पैदल गश्त के दौरान त्योहारों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने बाजारों में पार्किंग की उपलब्धता, वैकल्पिक मार्गों और वन-वे यातायात व्यवस्था की संभावनाओं का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बाजारों में जाम की स्थिति न बनने पाए और आम लोगों के साथ ही व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो।

 

इस दौरान पिछले 10 वर्षों में दीपावली और भैया दूज के अवसर पर हुई लूट एवं डकैती की घटनाओं की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने ऐसे मामलों में संलिप्त रहे सक्रिय अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने और उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और व्यापारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।

Back to top button
error: Content is protected !!