
वाराणसी। ईंट निर्माता एसोसिएशन वाराणसी के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आर.पी. सिंह से मुलाकात कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन का कहना है कि वर्ष 2012 के बाद से प्रदेश में बड़ी संख्या में ईंट भट्ठों के प्रदूषण लाइसेंस बनने पर व्यावहारिक बाधाएं थीं, जिससे संचालकों को विभिन्न प्रशासनिक और व्यावसायिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ‘मुन्ना’ ने बताया कि 11 मार्च 2025 को लखनऊ में चेयरमैन आर.पी. सिंह से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण सक्सेना, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष भी ईंट भट्ठा संचालकों की समस्याएं रखी गईं।
एसोसिएशन के प्रयासों के फलस्वरूप वर्ष 2026 में राज्य सरकार ने प्रदूषण लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने की अनुमति प्रदान की। इसी क्रम में विभागीय कार्य से वाराणसी पहुंचे चेयरमैन आर.पी. सिंह का कैंट क्षेत्र स्थित होटल रामाडा में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भव्य स्वागत किया और उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईंट उद्योग हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख स्रोत है। लाइसेंस संबंधी समस्याओं के समाधान से उद्योग को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर सुरक्षित रहेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी रोहित शर्मा सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरिशंकर सिंह ‘मुन्ना’, रोशन सिंह, अजीत सिंह (हरिओम), उमेश यादव, विकास सिंह, पंकज सिंह, राहुल सिंह, बाबू सिंह, प्रवीण सिंह, अमित सिंह, रमाशंकर सिंह, रिंकू पांडेय, शशांक शेखर सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

