ख़बरेंचंदौली

नवयुग पालिका योजना : चंदौली में 11.40 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

चंदौली। जिले में शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में शुक्रवार को ‘नवयुग पालिका योजना’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास के लिए कुल 1140.67 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। जिलाधिकारी की अंतिम मंजूरी के बाद यह प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति और क्रियान्वयन के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा।

 

बैठक में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, नगर पंचायत चंदौली के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, वरिष्ठ कोषाधिकारी, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा सदर उपजिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया।

 

योजना के तहत नगर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया गया है। यातायात और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए पुलिस चौकी के पास साइड पटरी का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं डाक बंगला से सकलडीहा रोड तक पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए पाथवे का निर्माण कराया जाएगा।

 

नगर की सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इलिया रोड, बबुरी रोड और कैली रोड पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी तथा आवश्यक विद्युतीकरण कार्य भी कराया जाएगा। इसके अलावा शहर के तीन प्रमुख अंडरपासों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न स्थानों पर नालियों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सीसी सड़कों का निर्माण भी इस कार्ययोजना का हिस्सा होगा।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!