ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में ‘तेजस वर्कशॉप’, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को मिलेगा नया मंच

चंदौली। जिले के नवाचार से जुड़े युवाओं, स्टार्टअप उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और पारंपरिक उत्पादकों के लिए शनिवार को एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की स्टार्टअप पहल के अंतर्गत 4 जुलाई 2026 को राजकीय आईटीआई, रेवसा (चंदौली) में तेजस वर्कशॉप’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के स्टार्टअप नेटवर्क से जोड़ना है।

 

जिला सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से चंदौली के प्रतिभाशाली युवाओं, नए उद्यमियों, पारंपरिक उत्पाद निर्माताओं और स्वयं सहायता समूहों को अटल इनक्यूबेशन सेंटर से जोड़ने की पहल की जाएगी। इससे उन्हें स्टार्टअप स्थापित करने, व्यवसाय को आगे बढ़ाने, तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।

 

उन्होंने बताया कि जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने और एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे, जिससे प्रतिभागियों को नवाचार, व्यवसाय विकास, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

 

कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन ने गूगल फॉर्म लिंक और क्यूआर कोड जारी किया है। यह पंजीकरण सुविधा कार्यक्रम स्थल के अलावा विभिन्न सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा और उद्यमी आसानी से अपना पंजीकरण करा सकें।

 

जिला सेवा योजन अधिकारी ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी युवा, स्टार्टअप प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और अन्य प्रतिभागी सुबह 10 बजे तक राजकीय आईटीआई, रेवसा अवश्य पहुंच जाएं। समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होने से कार्यशाला के सभी तकनीकी एवं मार्गदर्शन सत्रों का लाभ प्रतिभागियों को पूर्ण रूप से मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन जिले में नवाचार और स्वरोजगार को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!