
चंदौली। मुगलसराय कस्बा के शाहकुटी चमरौटी वार्ड नंबर-2 स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित संता सिंह (राजन) के अनुसार, वह करीब एक महीने से मकान पर नहीं आए थे। 31 अगस्त की रात उन्हें घर में चोरी होने की सूचना मिली। अगले दिन मौके पर पहुंचने पर मुख्य दरवाजा और ताला सही मिला, जबकि खिड़की टूटी हुई थी। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया कि चोर तीन अटैचियों में रखे नए कपड़े, बिजली के उपकरण, करीब पांच स्टेबलाइजर, स्टील व कांच के बर्तन, बैग और अन्य कीमती घरेलू सामान ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

