weatherचंदौली

Chandauli Weather : चंदौली में अगले पांच दिन भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से पूर्वांचल में बढ़ी बारिश की संभावना, शुरुआती 24 घंटे में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा के संकेत

चंदौली। जिले में सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होने के आसार हैं। मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से चंदौली समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुरुआती 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है। स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के अलावा कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी होने की संभावना है।

 

आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी मौसम संबंधी अपडेट के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव और मजबूत मानसूनी प्रवाह के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं। मानसूनी द्रोणी के वाराणसी से होते हुए निम्न दबाव क्षेत्र की ओर जाने से भी क्षेत्र में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।

 

सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश के संकेत

चंदौली के लिए सितंबर माह में बारिश का रुझान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। मासिक मौसम दृष्टिकोण के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्सों में औसत मासिक वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। चंदौली पूर्वी उत्तर प्रदेश का हिस्सा होने के कारण आने वाले दिनों में सक्रिय मानसून का असर यहां भी देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही सितंबर के दौरान औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

 

अगस्त में भी सामान्य से अधिक हुई बारिश

चंदौली सहित प्रदेश में अगस्त के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश में अगस्त की दीर्घकालिक औसत वर्षा 235.5 मिलीमीटर के मुकाबले 291.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक है। विभाग के अनुसार यह वर्ष 2018 के बाद अगस्त में इक्कीसवीं सदी की सर्वाधिक वर्षा में शामिल है।

अगले पांच दिनों में बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिले में जलभराव और अन्य मौसमी परिस्थितियों को लेकर सतर्कता जरूरी है। विशेष रूप से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!