
चंदौली। धानापुर पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर “Mr. Rifle Guru-7171” नाम से आईडी चलाता था और खुद को दबंग दिखाकर लोगों में दहशत फैलाता था।
पुलिस के अनुसार, धानापुर कस्बा निवासी आयुष कुमार मौर्य ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से एक नाबालिग को लगातार धमकाया। उसने अपनी प्रोफाइल पर “रंगदारी हमारे खून में है”, “प्रशासन हमें क्या करेगा” और “जब हम खुद प्रशासन हैं” जैसे आपत्तिजनक संदेश लिख रखे थे। आरोपी ने नाबालिग और उसके परिवार को जान से मारने तथा जेल भिजवाने की धमकी देकर करीब ₹6 लाख नकद और ₹27,500 ऑनलाइन (PhonePe) के जरिए वसूल लिए।
पीड़ित की मां की तहरीर पर थाना धानापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चार पहिया वाहन खरीदने और अपने शौक पूरे करने के लिए नाबालिग को भयभीत कर पैसे वसूले। उसने बताया कि वसूली गई रकम को घूमने-फिरने और निजी खर्चों में खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

