
चंदौली। डीडीयू रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से यात्रा कर रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। दोनों व्यक्ति बरामद धनराशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पूरी रकम को आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी के पर्यवेक्षण में जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कोलकाता मेल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12322) के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 एवं 43 पर बैठे दो यात्री एक बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने दोनों यात्रियों की तलाशी ली। उनकी पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी राहुल सोनी और पुष्प कुमार उसरेटे के रूप में हुई। उनके बैग से कुल 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति नकदी के स्रोत से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके।
इसके बाद जीआरपी ने आयकर विभाग, वाराणसी को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों के साथ बरामद नकदी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।

