fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौली के किसानों के लिए अच्छी खबर, दो दिन ऑफलाइन टोकन से धान बेच सकेंगे किसान



चंदौली। किसान मंगलवार व बुधवार को क्रय केंद्रों पर आफलाइन टोकन से धान बेच सकेंगे। किसानों की मांग पर शासन ने किसानों को रियायत दी है। इससे धान बेचने में किसानों को सहूलियत होगी। किसान क्रय केंद्र पर सीधे अपनी उपज ले जाकर बेच सकेंगे।

जिले में धान खरीद में तमाम तरह की धांधली के मामले सामने आ रहे थे। केंद्र प्रभारी बिचौलियों की उपज खरीद रहे थे। वहीं किसानों को केंद्रों से टरकाया जा रहा था। शासन तक शिकायत पहुंची तो आनलाइन टोकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। किसानों को खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट से आनलाइन टोकन निकलना पड़ रहा था। इस पर खरीद की तिथि, क्रय केंद्र व मात्रा अंकित रहती थी। हालांकि विभाग की वेबसाइट सुस्त होने की वजह से आनलाइन टोकन नहीं निकल पा रहे थे। इससे किसानों के लिए परेशानी बढ़ गई थी। सबसे अधिक दिक्कत उन किसानों के लिए हो गई थी, जो एक सप्ताह पहले से क्रय केंद्र पर अनाज पहुंचाकर खरीदे जाने का इंतजार कर रहे थे। अचानक आनलाइन टोकन की प्रणाली शुरू होने पर केंद्र प्रभारियों ने खरीद से इनकार कर दिया। उन्हें आनलाइन टोकन जारी कराने की बात कहकर टरकाने लगे। इससे नाराज किसानों ने भारी उद्योग मंत्री व सांसद डाक्टर महेंद्रनाथ पांडेय के जनपद आगमन के दौरान इसको लेकर शिकायत की थी। उन्होंने मामले को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री ने अपना वादा निभाते हुए शासन स्तर पर वार्ता की। शासन ने किसानों की समस्या को देखते हुए 28 व 29 दिसंबर को आफलाइन ढंग से धान बेचने की छूट दे दी है। भाजपा नेताओं ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री की सराहना की है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, छत्रबली सिंह, शिवराज सिंह, शशिशंकर सिंह समेत अन्य नेताओं ने कहा कि सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। आफलाइन टोकन से खरीद शुरू होने से किसानों को सहूलियत होगी। विकास पुरुष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे का प्रयास सराहनीय है।

‘ शासन ने किसानों की समस्या को देखते हुए दो दिन आफलाइन टोकन के जरिए धान खरीद का निर्देश दिया है। 28 व 29 दिसंबर को क्रय केंद्रों पर आफलाइन टोकन व नंबर से खरीद होगी। जिन किसानों ने इस तिथि का आनलाइन टोकन निकाला था, वे रद माने जाएंगे।
अनूप कुमार श्रीवास्तव, जिला खाद्य व विपणन अधिकारी

Back to top button
error: Content is protected !!