
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को पुराने कुएं में खराब पड़ा सबमर्सिबल वाटर पंप निकालने की कोशिश में बड़ा हादसा हो गया। कुएं के अंदर एक के बाद एक उतरे चार लोग अचानक बेहोश हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
किड़हिरा गांव में एक पुराने कुएं में पंप खराब पड़ा था। शनिवार को उसे निकालने के लिए एक व्यक्ति कुएं के अंदर उतरा। काफी देर तक उसकी कोई आवाज नहीं आई तो बाहर मौजूद लोगों को चिंता हुई। उसे देखने के लिए दूसरा व्यक्ति कुएं में उतरा, लेकिन वह भी वापस नहीं आया। इसके बाद तीसरा व्यक्ति दोनों को देखने के लिए नीचे गया। उसकी ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर चौथा व्यक्ति भी कुएं में उतर गया। कुछ ही देर में चारों बेहोश हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर शहाबगंज थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। समशेर का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी की आशंका
प्रथम दृष्टया पुराने और बंद कुएं में जहरीली गैस जमा होने अथवा ऑक्सीजन की कमी को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि कुएं के अंदर किस प्रकार की गैस मौजूद थी और चारों के बेहोश होने का वास्तविक कारण क्या रहा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
तीन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए। एक साथ तीन लोगों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

