
चंदौली। चहनियां क्षेत्र के महुअर स्थित लल्लन आर. तिवारी कॉलेज परिसर में सोमवार को संस्थापक लल्लन आर. तिवारी का 77वां जन्मदिन भव्य और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
समारोह के मुख्य अतिथि सकलडीहा क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा रहे। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक सोनू तिवारी तथा अन्य अतिथियों के साथ केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के बारे में बताते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।

