
चंदौली। पिछले चार-पांच दिनों से दिन में अच्छी धूप ने ठंड से काफी राहत दिलाई है। इससे वातावरण में गर्माहट भर गई है। हालांकि, मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
राज्य कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चार फरवरी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं पांच को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश के साथ ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। चंदौली में शनिवार को धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है।