ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने फरार अपराधियों पर कसा शिकंजा, 10 पर घोषित किया 25-25 रुपये इनाम

चंदौली। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 10 वांछित अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। इन सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थानों की पुलिस के साथ-साथ स्वाट (SWAT) और सर्विलांस टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित इनामी अभियुक्तों में छह आरोपी थाना सैयदराजा क्षेत्र से और चार आरोपी थाना चंदौली क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार अधिकांश अभियुक्त गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित हैं। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए ये लंबे समय से फरार चल रहे हैं।

 

थाना सैयदराजा के जिन छह आरोपितों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें प्रतापगढ़ निवासी शहजाद अली और दिलशाद, वाराणसी निवासी राजू विश्वकर्मा, भदोही निवासी जयदेवी, दिल्ली निवासी रमेश मौर्या तथा प्रयागराज निवासी सलमान शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

 

वहीं थाना चंदौली क्षेत्र के चार इनामी अभियुक्तों में जौनपुर निवासी वाहन चालक श्याम सुंदर यादव, कौशाम्बी निवासी वाहन स्वामी रंजीत कुमार, चंदौली निवासी वाहन स्वामी पशुपति नाथ तथा बिहार के कैमूर (भभुआ) निवासी वाहन स्वामी रविन्द्र कुमार राम शामिल हैं। इन सभी पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार ये आरोपी भी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और न्यायालय की प्रक्रिया से बच रहे हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!