
बरहुआ मोड़ पर हादसे से मचा हड़कंप, हर्षू ब्रह्म दर्शन के लिए जा रहे थे सभी, खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बरहुआ गांव के समीप रविवार को तेज रफ्तार इनोवा और सवारी भरे ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार 60 वर्षीय मुन्नी देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि जामवंत (65) और गौरव (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित मुजदीह गांव के निवासी ऑटो से हर्षू ब्रह्म के दर्शन के लिए जा रहे थे। बरहुआ मोड़ के पास सामने से आ रही सफेद रंग की इनोवा ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस को बुलाया गया। घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय, चकिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया। जामवंत और गौरव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वाहन नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बरहुआ मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। यहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है।

