
चंदौली। क्षेत्र के मसोई गांव स्थित नर्वर्देश्वर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित मुन्ननजी पांडेय की 115वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उनके पौत्र एवं शिक्षक नवीन चंद्र पांडेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित मुन्ननजी पांडेय ने देश की आजादी के लिए चलाए गए आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने चकिया क्षेत्र में स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई। उनका योगदान क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कहा कि पंडित मुन्ननजी पांडेय का जन्म वर्ष 1911 में शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि को मसोई गांव में हुआ था। उनकी जयंती पर ग्रामीणों ने उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान सुधाकर पांडेय, रामप्रताप पांडेय, सर्वेश्वरानंद पांडेय, जयकिशोर सिंह, विक्रांत सिंह, चंद्रप्रकाश पांडेय और धीरज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कमलेश पांडेय ने किया।

