ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: फिरौती की कहानी निकली फर्जी, लड़की के चक्कर में हुई थी तकरार, चलाई गोली, तीन गिरफ्तार

चंदौली। अलीनगर पुलिस ने पिछले दिनों लड़की के चक्कर में तकरार के बाद युवक के घर जाकर पिस्टल से फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देकर भागने की फिराक में लगे तीनों आरोपियों को सटीक सूचना के आधार पर चंदरखा अंडरपास के पास से पकड़ा। उनके पास से तमंचा, कारतूस और बुलेट बरामद की गई। पुलिस तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। पुलिस के अनुसार लड़की के चक्कर में युवकों के बीच तकरार हुई थी, जो बाद में फायरिंग तक पहुंच गई।

वादी खजूरगांव निवासी रितेश पासवान की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उसका क्रिकेट को लेकर पूर्व में अभियुक्तगण के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। पैसा न देने पर उसके घर पहुंचकर पिस्टल से फायरिंग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू किया था। हालांकि जांच में फिरौती का मामला फर्जी निकला। प्रेमप्रसंग को लेकर युवकों के बीच तकरार हुई थी। इसको लेकर आरोपियों ने युवक के घर जाकर फायरिंग की थी।पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। उसी दौरान सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेरेबंदी कर तीन आरोपियों को चंदरखा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा और बुलेट बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी मुगलसराय कोतवाली के नाथूपुर निवासी अंकित यादव, रविकिशन यादव और रामनगर थाना के भीटी रस्तापुर निवासी मृत्युंजय मौर्या से पुलिस ने पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि रवि किशन यादव की मित्रता गांव के ही एक लड़की से थी। कुछ दिन बाद उस लड़की की मित्रता खजूरगांव निवासी रितेश पासवान से हो गई। 17 मई को इसी बात को लेकर रविकिशन और रितेश पासवान के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। रितेश से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह गालीगलौज करने लगा और देख लेने की धमकी देना लगा।

 

आरोपियों ने बताया कि गुस्से में आकर सभी रितेश पासवान के खजूरगांव स्थित घर पहुंचे। उसे बाहर निकलने को कहा, लेकिन वह घर की छत पर से ही गालीगलौज करने लगा। इस पर आवेश में आकर पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। संयोगवश रितेश बच गया। आरोपियों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद बिहार के बक्सर भाग गए थे।

Back to top button
error: Content is protected !!