
मुगलसराय के औद्योगिक क्षेत्र में चला संयुक्त जांच अभियान, बसों में अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी विंडो और सीटिंग क्षमता की हुई पड़ताल
चंदौली। जिले में परिवहन नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में वाराणसी जोन की संयुक्त टीम ने मुगलसराय के औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी कर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 14 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 11 अन्य वाहनों का चालान काटा गया। परिवहन विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान का नेतृत्व वाराणसी के आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने किया। टीम ने मौके पर मौजूद वाहनों के दस्तावेजों के साथ उनकी सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों की जांच की। विशेष रूप से यात्री बसों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता, आपातकालीन स्थिति में यात्रियों को बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी विंडो की स्थिति और बसों में निर्धारित सीटों के अनुरूप यात्रियों को बैठाने के नियमों की पड़ताल की गई। जांच के दौरान जिन वाहनों में परिवहन नियमों का उल्लंघन मिला, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेजों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान जोखिम में डालकर वाहन संचालन करने वालों के प्रति किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त अभियान में चंदौली के एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम और गाजीपुर के एआरटीओ धनवीर यादव समेत विभिन्न जिलों के परिवहन अधिकारी शामिल रहे। अलग-अलग जिलों के अधिकारियों की मौजूदगी में चलाए गए अभियान का उद्देश्य परिवहन नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा। आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने कहा कि वाराणसी जोन में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि आगे भी जांच तेज की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जा सके।

