ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: नमो घाट पर एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25 स्थानों पर बनेगी पार्किंग, डीएम और एसपी ने परखी तैयारी

चंदौली। गंगा तट स्थित नमो घाट पर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दर्शक दीर्घा, सुरक्षा इंतजाम, आवागमन के रास्तों और आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि दर्शकों को आने-जाने में परेशानी न हो। घाट क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ सीसीटीवी कैमरों, वाटर टैंकरों और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

25 स्थानों पर पार्किंग, रूट डायवर्जन लागू होगा

एयर शो के दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और दूसरे जिलों से आने वाले दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में 25 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रमुख चौराहों और नमो घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से निपटने में मदद मिल सके।

विभागों को समय से तैयारी पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा। सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, अधिशासी अधिकारी पीडीडीयू नगर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस और सिविल प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!