
चंदौली। पुलिस सेवा में लगभग चार दशक तक ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने वाले वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसआई) रामचंद्र शाही को शनिवार को शहाबगंज थाने में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके लंबे और निष्कलंक सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न, साफा, अंगवस्त्र और पुष्पमालाओं से सम्मानित किया। पूरे समारोह के दौरान भावुक माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) सतीश शुक्ल ने कहा कि रामचंद्र शाही ने अपने लगभग 40 वर्षों के सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका सरल व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके अनुभव समाज के लिए उपयोगी साबित होंगे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज और कानून के प्रति बड़ी जिम्मेदारी का दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि रामचंद्र शाही ने इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। समय की पाबंदी, अनुशासन, निष्पक्ष कार्यशैली और आमजन से बेहतर संवाद उनकी सबसे बड़ी पहचान रही। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब उन्हें अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहिए और जीवन के इस नए अध्याय का आनंद लेना चाहिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकाल के दौरान उनसे कभी कोई भूल या त्रुटि हुई हो तो वह उसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने कहा कि रामचंद्र शाही का अनुभव, शांत स्वभाव और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमेशा उन्हें और पूरे पुलिस परिवार को प्रेरित करता रहेगा। विभाग को उनके अनुभव और मार्गदर्शन की कमी लंबे समय तक महसूस होगी।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रामचंद्र शाही के साथ बिताए गए अपने अनुभव साझा किए और उनके व्यक्तित्व व कार्यशैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। अंत में सभी ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए स्वस्थ, सुखी और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह, संतोष सिंह, कमलाकांत यादव, हेड मुहर्रिर चंद्रशेखर, हेड कांस्टेबल बालकृष्ण मौर्य प्रभाकर, नीतू भारती, ग्राम प्रधान गुलफाम अहमद (मिक्कू), सत्येंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

