
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी अंतर्गत चकिया बिहारी मिश्र और पट्टी गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहने, नकदी और चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी बात यह रही कि घटनास्थल मारुफपुर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर है, बावजूद इसके चोर कई घंटों तक वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी है।
पहली चोरी चकिया बिहारी मिश्र निवासी अमरीश मिश्र के घर हुई। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर तीन सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, मांगटिका तथा चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए। सुबह परिवार नीचे उतरा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी मिली। अमरीश मिश्र ने करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान की बात कही।
दूसरी और सबसे बड़ी वारदात शैलेंद्र चौबे के घर हुई। शैलेंद्र ने बताया कि उनकी एक बेटी की शादी पिछले महीने हुई थी, जबकि दूसरी बेटी का विवाह दिसंबर में होना है। शादी के लिए बनवाए गए अधिकांश गहने चोर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान में लगभग 500 ग्राम चांदी की करधनी, 10 ग्राम सोने की सिकड़ी, दो सोने की अंगूठियां, लॉकेट, झुमके, मीना के आभूषण, चार तोला सोने के अन्य गहने तथा 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुल नुकसान आठ लाख रुपये से अधिक का हुआ है। घटना से व्यथित शैलेंद्र चौबे ने कहा कि बेटी की शादी की सबसे बड़ी चिंता अब उनके सामने खड़ी हो गई है।
तीसरी घटना रामअवध चौबे के घर में हुई। परिवार के सदस्य वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार की देखभाल के लिए गए हुए थे, जिससे घर खाली था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने मंगलसूत्र, पायल, सोने के आभूषण, दो अंगूठियां, चांदी के बर्तन और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पड़ोसियों ने सुबह घर का टूटा दरवाजा देखकर घटना की जानकारी परिवार को दी। इस चोरी में करीब साढ़े चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने रात करीब 12:30 बजे से 3:30 बजे के बीच तीनों घरों में वारदात को अंजाम दिया। जिन घरों के लोग छत पर सो रहे थे या घर से बाहर थे, उन्हीं को निशाना बनाया गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी की थी।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि चौकी इतनी नजदीक होने के बावजूद तीन-तीन घरों में चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। फिलहाल गांव के लोग स्वयं रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों पीड़ितों की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।

