
चंदौली। जनपद में खरीफ फसलों के लिए धान बीज, ढैचा बीज और विभिन्न उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसान आवश्यकतानुसार ही उर्वरकों की खरीद करें।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जनपद के नौ विकास खंडों के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर 1168 क्विंटल धान बीज और 722.80 क्विंटल ढैचा बीज उपलब्ध कराया गया है। अब तक 700 क्विंटल धान बीज और 674 क्विंटल ढैचा बीज का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से किया जा चुका है। किसान agriculture.up.gov.in पर बुकिंग कराकर 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता भी पर्याप्त है। वर्तमान में 17237 मीट्रिक टन यूरिया, 5106 मीट्रिक टन डीएपी, 402 मीट्रिक टन एमओपी, 4141 मीट्रिक टन एनपीकेएस और 12607 मीट्रिक टन एसएसपी का स्टॉक मौजूद है। खरीफ मौसम में अप्रैल से 8 जून तक निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों और साधन सहकारी समितियों के माध्यम से 675 मीट्रिक टन यूरिया, 379 मीट्रिक टन डीएपी, 4 मीट्रिक टन एमओपी, 68 मीट्रिक टन एनपीकेएस और 180 मीट्रिक टन एसएसपी का वितरण किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को सलाह दी कि वह यूरिया का अधिक मात्रा में प्रयोग न करें। यूरिया के अत्यधिक उपयोग से धान के तने मुलायम और लंबे हो जाते हैं, जिससे रोग और कीट लगने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अतिरिक्त, यह खेत की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ाता है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपने खेत के क्षेत्रफल के अनुसार अनुशंसित मात्रा में ही उर्वरक खरीदें। जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

