
चंदौली। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में स्कूली वाहनों के शत-प्रतिशत सत्यापन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को बंद करने तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि स्कूली वाहनों का पूर्ण सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इन्हें तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। इस पर एनएचएआई के डेवलपमेंट मैनेजर ने बताया कि अधिकांश अवैध कटों को बंद कर दिया गया है और शेष स्थानों पर भी जल्द कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य कराने, सड़क संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिंग रोड के किनारे अवैध रूप से स्थापित गुमटियों और अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराकर जनहानि को रोका जा सकता है और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जा सकता है।
बैठक के दौरान एनएचएआई और रिंग रोड परियोजना से जुड़े अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत संचालित सभी डंपरों और उनके चालकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी नियमित निगरानी और सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश गौतम, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

