ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: इलिया की ज्वेलरी दुकान से उचक्कों ने उड़ाया 7.50 लाख का कच्चा सोना, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, व्यापारियों में दहशत

संवाददाता – बाबू चौहान

चंदौली। इलिया कस्बे में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। कस्बे के विशाल अलंकार ज्वेलर्स में दिनदहाड़े करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के लगभग 100 ग्राम कच्चे सोने की उचक्कागिरी का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे एक युवक ने खरीदारी का झांसा देकर दुकान संचालक के 17 वर्षीय बेटे को बातों में उलझाया और मौका पाकर कच्चा सोना लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

 

दुकान संचालक आलोक सेठ के मुताबिक घटना 29 जुलाई की है। घटना के समय वह दुकान पर मौजूद नहीं थे। उनका 17 वर्षीय पुत्र विशाल दुकान संभाल रहा था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक के रूप में दुकान में पहुंचा और आभूषण खरीदने की बात करने लगा। बातचीत के दौरान उसने दुकानदार के बेटे को अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी बीच आरोपी दुकान में रखा करीब 100 ग्राम कच्चा सोना लेकर फरार हो गया। सोने की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

आलोक सेठ ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी 31 जुलाई को घर पहुंचने के बाद हुई। जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल इलिया पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक राकेश कुमार राय पुलिस टीम के साथ ज्वेलरी की दुकान पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।

 

थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!