ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: महिला का वेश बनाकर हाईवे पर करते थे लूट, पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, अंतरराज्यीय गिरोह के एक बदमाश को लगी गोली

चंदौली। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और नगदी बरामद किया है।

 

पुलिस के अनुसार 17 मई को अमेठी निवासी ज्ञानेन्द्र तिवारी ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह वाराणसी से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर नहर के पास चार अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और 42 हजार रुपये नगद लूट लिए। मामले में थाना चन्दौली पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 18 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे पर लूट करने वाला गिरोह भगवान तालाब के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

 

पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उपेंद्र यादव नामक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मौके से कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और 2045 रुपये नगद बरामद किए।

 

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। बदमाशों ने बताया कि वे सुनसान हाईवे और सड़क किनारे राहगीरों तथा वाहन चालकों को निशाना बनाते थे। कई बार वे महिला का भेष धारण कर मदद मांगने के बहाने वाहन रुकवाते थे। वाहन रुकते ही चालक के साथ मारपीट कर नगदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही 17 मई को भगवानपुर नहर के पास ज्ञानेन्द्र तिवारी से 42 हजार रुपये लूटे थे।

 

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के मोहनिया निवासी उपेंद्र यादव, सैयदराजा निवासी मंजय कुमार, बहादुर ठठेरा और मुस्तफा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव पर बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट और रेलवे एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

 

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी पाण्डेय, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह, रावेंदर सिंह, तरुण कश्यप सहित थाना चन्दौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!