
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मैनाताली स्थित सरिता विहार में चोरों ने कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का शटर खोलकर छह लैपटॉप, पांच लैपटॉप बैटरी, दो प्रिंटर और अन्य कंप्यूटर उपकरण समेत करीब 1.25 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरिता विहार में चंद्रकांत शर्मा की एसके इंफोटेक नाम से कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान है। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर कई महंगे उपकरण गायब मिले। दुकानदार के अनुसार चोर छह लैपटॉप, पांच लैपटॉप बैटरी, दो प्रिंटर के अलावा कंप्यूटर से जुड़े अन्य पार्ट्स भी ले गए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। दुकानदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और तहरीर देकर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।

