ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पीआरडी जवानों को सौगात, ड्यूटी भत्ता बढ़ा, कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू

चंदौली। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के लिए मंगलवार को बड़ी सौगात का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से प्रदेशभर के पीआरडी जवानों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। साथ ही जवानों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा वर्दी भत्ता वितरण की शुरुआत की गई। घोषणाओं से चंदौली के पीआरडी जवानों में उत्साह का माहौल रहा।

चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 पीआरडी जवान वर्चुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चंदौली के पीआरडी जवान साकिर अंसारी को मुख्यमंत्री के हाथों कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम परवर पश्चिम में 22.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण की भी जानकारी दी गई।

 

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि सरकार की ओर से बढ़ाया गया भत्ता और नई सुविधाएं जवानों के सम्मान व कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने जवानों से निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान समाज की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

 

जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान में 390 सक्रिय पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। विभागीय पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। वर्तमान में थानों, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग, कलेक्ट्रेट सुरक्षा, खनन विभाग और विकास भवन सहित विभिन्न विभागों व संस्थानों में 349 जवान तैनात हैं।

 

उन्होंने बताया कि जवानों के मानदेय का भुगतान मस्टररोल के आधार पर सीधे कोषागार से ई-पेमेंट के माध्यम से उनके बैंक खातों में किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विधायक को बुके व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने अतिथियों और जवानों का आभार जताया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, उपायुक्त स्वतः रोजगार और जिला युवा कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!