
चंदौली। जिले के अमड़ा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र परिसर में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और उपकेंद्र को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
शनिवार की रात करीब 11 बजे उपकेंद्र के आसपास खेतों में किसानों द्वारा गेहूं की पराली (ठूंठ) जलाई जा रही थी। इसी दौरान तेज हवा के चलते आग फैलते हुए धीरे-धीरे उपकेंद्र की ओर बढ़ गई और परिसर तक पहुंच गई। आग की लपटें देख ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ सत्येंद्र तिवारी, सहायक अमन यादव और प्रियांशु सिंह ने तत्परता दिखाते हुए हैंडपंप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग लगातार फैलती रही। स्थिति को गंभीर होता देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रैथा फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम ने वाटर मिस्ट पंप के जरिए स्टारवेशन और कूलिंग तकनीक अपनाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन प्रभारी प्रमोद कुमार कनौजिया ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने के कारण उपकेंद्र सुरक्षित रहा। इस दौरान चालक लालबाबू यादव और कांस्टेबल यशवंत यादव भी मौके पर मौजूद रहे।

