
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां कस्बे में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया।
पपौरा गांव निवासी रीना देवी, पत्नी डीएम कुमार, अपने बहन के बेटे 22 वर्षीय गोलू कुमार के साथ बाइक से बलुआ बाजार जा रही थीं। दोनों का उद्देश्य बलुआ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से पैसे निकालना था। जब वे चहनियां कस्बे में सब्जी मंडी के समीप पहुंचे, तभी बलुआ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रीना देवी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा गोलू भी सड़क पर दूर जा गिरा और घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को उठाकर उसी कार से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। गोलू का उपचार कराया गया।
घटना की सूचना पर बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया।

