
चंदौली। जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत अमदहा चरणपुर गांव में सोमवार सुबह एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने के बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
28 वर्षीय सुमन सात माह की गर्भवती थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। उसके पति का नाम श्याम बाबू है। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होने की बात सामने आती रही है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
घटना की जानकारी मिलने पर अमदहा चरणपुर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक परिवार का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

