
चंदौली। जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एसपी आकाश पटेल ने थाना बबुरी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्थाओं, तकनीकी संचालन तथा पुलिस कर्मियों की सुविधाओं का गहनता से मूल्यांकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सबसे पहले पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर और ग्राम अपराध रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखा जाए और पत्रावलियों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
इसके बाद शस्त्रागार और मालखाने का निरीक्षण किया। शस्त्रों की साफ-सफाई, रख-रखाव और उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई। वहीं मालखाने में रखे माल-मुकदमाती की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने वर्षों से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि नियमानुसार सभी लंबित वस्तुओं का शीघ्र विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

तकनीकी व्यवस्थाओं के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ने CCTNS कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि की गति और गुणवत्ता की जांच की तथा साइबर अपराध से संबंधित मामलों के निस्तारण की स्थिति पर संतोष जताते हुए इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध और त्रुटिहीन होनी चाहिए, जिससे पुलिसिंग में पारदर्शिता और दक्षता बनी रहे।
पुलिस कर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने थाना परिसर, बैरक और भोजनालय (मेस) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए मेस में पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों के रहने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी बल दिया।
डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के तहत ‘यक्ष ऐप’ के उपयोग की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बीट अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऐप का नियमित और प्रभावी उपयोग करें तथा संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन से संबंधित जानकारी समय पर अपडेट करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने जन-सुनवाई व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उसका निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत उन्होंने रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी को प्रभावी बनाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए आम नागरिकों को जागरूक करने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी बबुरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

