ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: उपकेंद्रों पर कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर की समस्या का करें निस्तारण

स्मार्ट ऐप के माध्यम से घर बैठे ही जमा कर सकेंगे बिजली का बिल

चंदौली : जनपद में स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता व अधिशासी अभियन्ताओं के साथ बैठक की। निर्देश दिया कि कि सभी विद्युत उपकेंद्रों पर कैंप का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। कैंप में स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए अवर अभियन्ता और उपखण्ड अधिकारी उपस्थित रहेगें। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अब बिजली बिल के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वे मोबाइल ऐप ’’यूपीपीसीएल स्मार्ट एप’’ के माध्यम से घर बैठे ही बिल देख व भुगतान कर सकेंगे। इस ऐप के जरिए बिजली की खपत, बैलेंस, रिचार्ज और 24 घंटे सहायता की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण कर सकते हैं और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

 

उपभोक्ता https://consumer.uppcl.org/wss/pay_bill_home वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन रिचार्ज कर सकते हैं। इसके लिए कंज्यूमर कॉर्नर में जाकर स्मार्ट मीटर प्रीपेड रिचार्ज विकल्प चुनना होगा, जहां अकाउंट आईडी और कैप्चा भरकर भुगतान किया जा सकता है। भुगतान के लिए यूपीआई, नेट बैंकिंग व कार्ड की सुविधा उपलब्ध है। रिचार्ज करते ही उपभोक्ता का बैलेंस तुरन्त अपडेट हो जाता है और वह हर 15 मिनट में अपनी बिजली खपत भी देख सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रिचार्ज कम/समाप्त होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट मिलता है और समय रहते रिचार्ज करने पर 2 प्रतिशत की छूट भी दी जाती है। वहीं, सप्लाई बाधित होने की स्थिति में रिचार्ज के बाद सामान्यतः दो घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है। यदि ऐसा न हो तो उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा, पारदर्शिता और बेहतर सेवा मिलेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!