ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बुआ के घर गए भाई-बहन की गंगा में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव में उस समय मातम छा गया जब गंगा स्नान के दौरान दो सगे भाई-बहन की डूबने से मौत की सूचना उनके घर पहुंची। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

कांवर गांव निवासी नंदकिशोर निषाद का 16 वर्षीय पुत्र शुभम निषाद और 7 वर्षीय पुत्री अनन्या शनिवार को अपनी बुआ विमला देवी के घर वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर गांव घूमने गए थे। रविवार सुबह दोनों बच्चे घर के पास स्थित गंगा तट पर स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों गंगा की धारा में डूबने लगे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही गंगापुर गांव के लोग गंगा किनारे पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर जैसे ही कांवर गांव स्थित उनके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

शुभम महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र था, जबकि उसकी छोटी बहन अनन्या आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ती थी। दोनों बच्चों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता नंदकिशोर निषाद, जो लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं, घटना की सूचना मिलते ही बदहवास हो गए। मां सुनीता देवी, बहन आरुषि, दादी हिरावती देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

ग्रामीणों द्वारा दोनों बच्चों के शव कांवर गांव लाए जाने पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। घर पहुंचते ही परिजनों की दर्दभरी चीखें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बताया गया कि घटना वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर ही शव बाहर निकाल लिए जाने के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी गई।

 

Back to top button
error: Content is protected !!