
चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में ग्रेट निकोबार द्वीप को बचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की ग्रेट निकोबार परियोजना को लेकर तीखी आलोचना करते हुए इसे पर्यावरण और आदिवासी समुदायों के लिए गंभीर खतरा बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ग्रेट निकोबार द्वीप को बड़े औद्योगिक हितों के लिए सौंपने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 161 किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह द्वीप प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध और संवेदनशील क्षेत्र है। यहां दुर्लभ वनस्पतियां, जीव-जंतु तथा आदिवासी समुदाय निवास करते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं के कारण पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ सकता है और स्थानीय समुदायों का अस्तित्व प्रभावित हो सकता है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ होने वाला कोई भी असंतुलन आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करेगा, इसलिए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप का क्षेत्रफल दिल्ली से कई गुना बड़ा है और वहां प्रस्तावित परियोजनाओं से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चला रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की भी आलोचना करते हुए कहा कि देश के प्राकृतिक संसाधनों और सार्वजनिक संपत्तियों के उपयोग को लेकर पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ग्रेट निकोबार बचाओ हस्ताक्षर अभियान को एक सप्ताह तक जनपद के सभी ब्लॉकों और गांवों में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस विषय में जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राममूरत गुप्ता, मुनीर खान, गंगा प्रसाद, गुलाब राम, परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, चंद्रवंश यादव, श्रीकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

