
चंदौली। भाजपा सरकार में आरक्षण और संविधान खतरे में आ गया है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पीडीए वर्ग के युवाओं महिलाओं और बहुओं से आरक्षण का अधिकार छीननें का कार्य कर रही है। शिक्षक भर्ती में पीडीए वर्ग के युवाओं के 7933 पदों की लूट हुई है। इसी प्रकार अन्य भर्ती परीक्षा में भी सरकार ने पीडीए वर्ग के युवाओं के अधिकार को लूटने का कार्य किया है। उक्त बातें शनिवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहीं।
कहा कि भाजपा सरकार शहर से लेकर गांव तक अपने कार्यों का गुणगान कर अपनी पीठ थपथपा रही है। जबकि सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में किसान मजदूर युवा व्यापारी सभी लोग परेशान हैं। प्रदेश की सरकार ने स्वयं स्वीकार किया है कि 2022 चुनाव से पूर्व शिक्षक भर्ती आरक्षण में लूट हुई है। 6800 पदों की अतिरिक्त चयन सूची जारी की गई थी। सबसे शर्मनाक यह था कि सरकार ने एसटी वर्ग की 1133 पदों को खाली छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि ओबीसी अभ्यर्थियों का आरोप है कि 27% के बजाय 3.8 0% आरक्षण प्राप्त हुआ है। कहा कि सरकार की नल जल योजना में घोटाला हुआ है। भाजपा सरकार में युवाओं छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है। परीक्षा का पेपर लीक होना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। अफसर शाही के कारण जनता की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। भाजपा सरकार में लूट हत्या बलात्कार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन सब बातों पर जवाब देने वाला सरकार का कोई जिम्मेदार तैयार नहीं है। एक प्रश्न के जवाब में सांसद ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई पार्टी नहीं है यह युवाओं का आक्रोश है। इस मौके पर विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू, पूर्व चेयरमैन मुसाफिर सिंह चौहान, राजा खान, जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

