
चंदौली। गोतस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना इलिया पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने गोतस्करी के मामले में पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 110 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 26 सितंबर 2025 का है। उस दिन थाना इलिया पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अमानवीय तरीके से लदे आठ गोवंश बरामद हुए, जिनमें तीन मृत और पांच जीवित थे। मौके से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक मिस फायर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ। घटना के बाद फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गुरुवार को थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय और स्वाट/एसओजी प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के निकट से वांछित आरोपी रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव निवासी नैपुराकला, थाना लंका, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंश खरीदकर उन्हें इकट्ठा करता था और पिकअप वाहन से बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक मुनाफे के लिए बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली के बबुरी, सैयदराजा और इलिया थानों के अलावा प्रयागराज के हंडिया गंगानगर थाने में भी गोतस्करी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

