fbpx
चंदौलीचुनाव 2024राज्य/जिला

Chandauli News: डा. महेंद्रनाथ पांडेय के सामने हर चुनाव में उतरे नए उम्मीदवार फिर भी नहीं रुका विजय रथ

चंदौली। लोक सभा चंदौली चुनावी मोड में आ चुका है। बीजेपी ने जहां केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय पर लगातार तीसरी दफा भरोसा जताया है वहीं सपा ने विजय रथ रोकने की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री विरेंद्र सिंह को दी है, जिनका कार्यकर्ता ही विरोध कर रहे हैं। डा. महेंद्रनाथ पांडेय के सामने हर चुनाव में उम्मीदवार बदलते रहे लेकिन नतीजा नहीं बदला।

हर बार नया उम्मीदवार
2014 के लोस चुनाव में बसपा ने अनिल मौर्य, सपा ने रामकिशुन यादव और कांग्रेस ने तरुण पटेल को टिकट देकर उतारा था। डा. महेंद्रनाथ पांडेय पहली दफा चंदौली लोस से अपनी किस्मत आजमा रहे थे। उन्होंने बसपा के अनिल मौर्य को 156765 मतों के भारी अंतर से हराया था। डा. महेंद्र नाथ को 42.23 फीसदी वोट मिले थे। सपा उम्मीदवार रामकिशुन तीसरे स्थान पर रहे। 2019 के चुनाव में समीकरण बदले और पहली दफा सपा और बसपा ने गठबंधन किया। डा. महेंद्र नाथ पांडेय के सामने गठबंधन उम्मीदवार संजय सिंह चौहान की चुनौती थी। 19 मई को मतदान हुआ। तकरीबन 60 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इस दफा जीत-हार का अंतर भले ही कम रहा लेकिन नतीजा नहीं बदला। डा. महेंद्र नाथ पांडेय को 510733 वोट मिले जबकि संजय सिंह चौहान को 496774 मत प्राप्त हुए।

पीडीए के घटक दलों को नहीं पच रहा वीरेंद्र सिंह का टिकट
2024 लोस चुनाव में जहां बीजेपी ने लगातार तीसरी दफा डा. महेंद्र नाथ पांडेय को उम्मीदवार बनाया है वहीं सपा ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह को टिकट पकड़ाया है। हालांकि वीरेंद्र सिंह के टिकट को पीडीए के घटक दल और पुराने नेता पचा नहीं पा रहे। विरोध के स्वर अभी शांत होने का नाम नहीं ले रहे। टिकट कटने की आशंकाएं भी बनी हुई हैं। जय भारत समानता पार्टी, राष्ट्रीय कृषक दल, अपनी पार्टी, बामसेफ, किसान न्याय मोर्चा, बहुजन मुक्ति मोर्चा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर प्रत्याशी बदलने की मांग की।

Back to top button