
चंदौली। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जेठमलपुर ओवरब्रिज के पास एक बोलेरो पिकअप वाहन से 618 लीटर अवैध देशी शराब और बीयर बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जेठमलपुर ओवरब्रिज एनएच-19 के अप लेन कट के पास घेराबंदी कर वाहन संख्या BR24GC4673 को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में रखी 15 भूसी की प्लास्टिक बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 18 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब और 38 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 618 लीटर पाई गई।
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जनपद निवासी प्रिंस कुमार यादव और शुभम कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शराब की खेप बिहार ले जाने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।
इस मामले में थाना सैयदराजा पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा संख्या 197/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे, आरक्षी बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद, मनीष कुमार, राबिन्स तथा चालक आरक्षी राजू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

