
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए निर्देश दिया है कि जिन किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके खातों में हर हाल में एक माह के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विकास कार्यों और राजस्व संबंधी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उप जिलाधिकारी सकलडीहा तथा तहसीलदार सदर और सकलडीहा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता और राजस्व वसूली में गिरावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, राजस्व, न्यायिक, चकबंदी, भूमि अधिग्रहण, फार्मर रजिस्ट्री, कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भारतमाला परियोजना, रिंग रोड, एनएच समेत अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण के ऐसे सभी मामले, जिनमें किसानों को किसी कारणवश मुआवजा नहीं मिल पाया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए एक माह के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों को तत्काल स्थानांतरित कराने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान खेल मैदान निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पाए जाने पर उप जिलाधिकारी सकलडीहा तथा स्वामित्व योजना में खराब प्रदर्शन पर तहसीलदार सदर और तहसीलदार सकलडीहा को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में न्यायिक मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को पुराने एवं लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें तथा तकनीकी कार्यों और डाटा फीडिंग की नियमित निगरानी स्वयं सुनिश्चित करें।
मीटिंग में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित सभी तहसीलों के तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

