
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार से 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को थाना मुगलसराय और स्वॉट/सर्विलांस टीम चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अतहर फारुकी पुत्र सुल्तान फारुकी निवासी बरेज, पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 17 पैकेटों में रखा गया कुल 31.2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के जिलों में उसकी आपूर्ति करता था। इस अवैध कारोबार से वह आर्थिक लाभ अर्जित करता था। बरामद गांजा भी बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में मुकदमा अपराध संख्या 286/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से तस्करी नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वॉट प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिंद सहित मुगलसराय पुलिस और स्वॉट टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

