
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के चंधासी कोयला मंडी में कोयला फर्म से चोरी का मामला सामने आया है। कोयला लादकर आए ट्रक चालक ने फर्म के ऑफिस से 50 हजार रुपये चोरी कर लिया और नकदी व कोयला लदा ट्रक लेकर भाग गया। फर्म मालिक आर्यन कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर घटना से अवगत कराया। वहीं आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि धनबाद निवासी सोनू शुक्ला ने उनके फर्म के लिए कोयला भेजा था। चालक संतोष कुमार यादव ट्रक पर कोयला लादकर आया था। मंडी में मार्केट डाउन होने पर उन्होंने दो दिन तक ट्रक खड़ा करा दिया। मैनें चालक को खर्चा-पानी भी दिया था, ताकि कोई दिक्कत नहीं होने पाए।
उन्होंने बताया कि 6 जून को चालक से सोनू शुक्ला और मेरे साथ कॉल कांफ्रेंस पर चालक से बात हुई थी। उसे बुधवार की सुबह कोयला उतारने के लिए बोला गया था, लेकिन ट्रक का कहीं अता-पता नहीं चला। चालक फोन भी नहीं उठा रहा है। पता चला कि चालक रात में गद्दी पर ही रुका था और गल्ले में से 50 हजार रुपये लेकर भाग गया। भुक्तभोगी ने कोतवाली में लिखित तहरीर देने के साथ ही सीओ को भी मामले से अवगत करा दिया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

