ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गुरु पूर्णिमा पर चंदौली में दो दिन रूट डायवर्जन, जानिये पुलिस का ट्रैफिक प्लान, वरना होंगे परेशान

चंदौली। गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस चंदौली ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था 28 जुलाई की शाम 6 बजे से 29 जुलाई की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान वाराणसी, मुगलसराय, पड़ाव और नए सरकार मठ की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन निर्धारित रूट के अनुसार किया जाएगा।

 

यातायात पुलिस के अनुसार, बिहार की ओर से एनएच-19 के रास्ते वाराणसी जाने वाले वाहन आलमपुर अंडरपास के पास सर्विस लेन पर न जाकर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से वाराणसी की ओर जाएंगे। वहीं बिहार और चंदौली की तरफ से आने वाले चार पहिया एवं मालवाहक वाहन, जिन्हें वाराणसी, सारनाथ, बाबतपुर एयरपोर्ट, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ या बलिया जाना है, उन्हें रिंग रोड पचफेड़वा के रास्ते अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

 

गोधना चौराहे से मुगलसराय-पड़ाव होकर वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को भी सीधे एनएच-19 हाईवे का उपयोग करना होगा। इसी प्रकार गंजी प्रसाद (चकिया तिराहा) से आने वाले मालवाहक वाहनों को गोधना होकर एनएच-19 से डायवर्ट किया जाएगा। एफसीआई/सनबीम तिराहे से पड़ाव की ओर जाने वाले चार पहिया एवं मालवाहक वाहनों को साहूपुरी और पीएसी तिराहे के रास्ते हाईवे से वाराणसी भेजा जाएगा।

 

प्रशासन ने लंका मैदान से रामनगर-पड़ाव मार्ग और कोयला मंडी से पड़ाव की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। निर्धारित अवधि के दौरान इन मार्गों पर नो-एंट्री लागू रहेगी। साथ ही कोयला मंडी से पड़ाव तक के व्यापारियों, कोयला आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने ट्रकों को मुख्य सड़क पर खड़ा न करें। सभी वाहनों की पार्किंग सर्विस लेन अथवा संबंधित गोदाम परिसर में ही सुनिश्चित की जाए।

 

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कस्बा चंदौली स्थित नए सरकार मठ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। बिछिया कट से पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन की ओर आने वाले वाहनों को पावर हाउस अंडरपास से वापस मोड़ दिया जाएगा। वहीं सकलडीहा की ओर से आने वाले वाहन रेलवे ब्रिज दक्षिणी मार्ग से कमलापति त्रिपाठी अंडरपास एवं सर्विस लेन का उपयोग करेंगे तथा कचहरी और पुलिस कार्यालय की ओर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

 

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन योजना का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें, ताकि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!