ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: राशन कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी, अब 90 रुपये की बजाय 125 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा लाभांश, नई फीडबैक प्रणाली शुरू

चंदौली। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 78 हजार से अधिक राशन कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी की घोषणा की गई। अब कोटेदारों को प्रति क्विंटल 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये लाभांश मिलेगा। यानी लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

इसी क्रम में चंदौली जिले में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्वायल पैलेस में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की प्रतिनिधि किरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख, सैयदराजा नगर पंचायत चेयरमैन सहित बड़ी संख्या में राशन कोटेदार और स्थानीय लोग शामिल हुए।

 

लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्वायल पैलेस में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम को कोटेदारों ने देखा और सरकार के फैसले पर खुशी जताई।

 

मेहनत का मिलेगा बेहतर पारिश्रमिक

लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि से राशन विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचता है। बढ़ा हुआ लाभांश कोटेदारों को अधिक जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

 

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि ई-पॉस मशीनों के इस्तेमाल से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है। पात्र लाभार्थियों को समय से और निष्पक्ष तरीके से राशन उपलब्ध कराने में कोटेदारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विक्रेताओं से पात्र कार्डधारकों को निर्बाध और समयबद्ध खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

 

 फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ

कार्यक्रम में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली’ का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था से राशन वितरण से जुड़ी समस्याओं और सुझावों की जानकारी लेने में मदद मिलेगी। इससे व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और विभागीय समन्वय को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

सैयदराजा में मौजूद राशन कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाए जाने पर प्रसन्नता जताई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सरकार के फैसले से कोटेदारों को आर्थिक संबल मिलेगा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था और प्रभावी होगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!