
चंदौली। नेशनल हाईवे पर गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगहीं-कुम्भापुर के समीप रात करीब 11 बजे हुआ। पहले टायर लदे कंटेनर ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का चालक केबिन में ही फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान बिहार की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बचाव कार्य में लगे लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई।

मृतकों की पहचान बिहार के दुर्गावती थाना क्षेत्र के खजुरा निवासी तबरेज आलम और चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर निवासी सरोज सेठ के रूप में हुई है। दोनों कंटेनर में फंसे चालक को बाहर निकालने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में कंटेनर चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पीछे खड़े ट्रक का चालक भी बचाव कार्य में जुटा था, इस दौरान उसका पैर कट गया। ट्रेलर ने आगे खड़ी एक पिकअप को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसका चालक भी घायल हो गया। कंटेनर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। भीषण हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को सड़क से किनारे कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। हादसे के बाद काफी देर तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।

