ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चोरी की बाइक के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगस्टर, पहले से दर्ज हैं छह मुकदमे

चंदौली। पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम 6 अगस्त को मझवार रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई। कुछ देर बाद चंदौली की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

 

पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बरहुली गांव निवासी 35 वर्षीय कृष्ण खरवार के रूप में हुई। उसके कब्जे से यूपी-65 वी-8839 नंबर की कावासाकी बॉक्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो चोरी की निकली। बरामदगी के आधार पर थाना चंदौली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने लगभग एक माह पहले वाराणसी स्थित कमलापति अस्पताल परिसर से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी के बाद बाइक को बनारस कैंट रेलवे स्टेशन के पास छिपाकर रखा गया था। वह इसे बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन रास्ते में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

 

आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करता है। पहचान छिपाने के लिए दोनों चोरी किए गए वाहनों के चेसिस नंबर को आरी ब्लेड से खुरच देते थे और बाद में इन वाहनों को बिहार में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, चोरी के वाहन रखने, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट सहित छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश और चोरी के इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच में जुटी है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!