ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: धरौली में नहर का तटबंध टूटने से 25 एकड़ धान की फसल जलमग्न, किसानों ने किया प्रदर्शन, सिंचाई विभाग पर लापरवाही के आरोप

चंदौली। सदर विकासखंड के ग्राम सभा धरौली में बेन-धरौली रजवाहा टूटने से करीब 25 एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई। रोपाई के महज दस दिन बाद खेतों में पानी भर जाने से किसानों की मेहनत और लागत पर पानी फिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। किसानों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए सिंचाई विभाग और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

 

ग्रामीणों के अनुसार, बेन-धरौली रजवाहा का निर्माण आदर्श नहर परियोजना के तहत कराया गया था। किसानों का कहना है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही नहर का टूट जाना कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि निर्माण में अनियमितता और घटिया कार्य के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

किसानों ने बताया कि धान की रोपाई के केवल दस दिन बाद ही नहर टूटने से खेतों में अत्यधिक पानी भर गया, जिससे लगभग 25 एकड़ फसल पूरी तरह डूब गई। उनका कहना है कि इस नुकसान से हजारों रुपये की लागत बर्बाद हो गई है और अब दोबारा खेती करने के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा।

 

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सिंचाई विभाग पर वर्षों से जल निकासी की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि धरौली गांव में लंबे समय से स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि हर वर्ष नहरों की सफाई और रखरखाव के नाम पर बजट खर्च होने का दावा किया जाता है, जबकि धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नहर की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 

किसानों ने प्रशासन से तत्काल नहर की मरम्मत, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान रिंकू सिंह, संदीप सिंह, सच्चेलाल तिवारी, अजय सिंह, नीरज तिवारी, मनोज सिंह, चिंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!