ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: जल जीवन मिशन में लापरवाही पर डीएम सख्त, मवैया में टंकी निर्माण कार्य पर लगाया जुर्माना

चंदौली। मवैया गांव में जल जीवन मिशन (हर घर नल योजना) के तहत चल रहे कार्यों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी।

 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की गलियों और मुख्य मार्गों को खोदने के बाद उन्हें ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से सड़कों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने पेयजल की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पानी की टंकी के आंतरिक हिस्सों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और समय-समय पर पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। उनका कहना था कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

इस दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के तहत हो रहे सभी निर्माण कार्यों की निगरानी और सख्त की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी समय बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण किया जा सकता है और यदि कागजी रिपोर्ट व जमीनी स्थिति में अंतर पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के समय अधिशासी अभियंता जल निगम और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। डीएम ने दोहराया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!