
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 ग्राम हेरोइन, एक ऑटो, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की साजिश थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम सोमवार को न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस को देखकर ऑटो में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलीम पुत्र मो. राजा निवासी गोधना बाईपास, थाना अलीनगर, आजीम अंसारी पुत्र वलीउल्ला अंसारी निवासी गोधना बाईपास, थाना अलीनगर तथा शहनाज बेगम पत्नी धर्मेंद्र मिश्रा निवासी गया (बिहार), हाल पता कसाब महाल, मुगलसराय के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान ऑटो में रखे एक बैग से 60 पुड़ियों में पैक कुल 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा ऑटो वाहन संख्या यूपी 67 बीटी 1532, तीन मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के लिए हेरोइन की खरीद-फरोख्त करते थे। बरामद हेरोइन को छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम किया जाता था। घटना के दिन भी वे बिक्री के उद्देश्य से हेरोइन लेकर जा रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार महिला आरोपी शहनाज बेगम के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और हेरोइन के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित मुगलसराय पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

